Spread the love


चित्रकूट। शहर के सदर बाजार कलक्ट्रेट रोड में स्थित थोक किराना व्यापारी की दुकान गोदाम में रविवार की देर रात को अचानक आग लग गई। दूसरी मंजिल पर रहने वाले व्यापारी के परिजन चीखते हुए छत के रास्ते दूसरे की छत पर कूदकर जान बचाकर नीचे आए। व्यापारी के अनुसार लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान का अनुमान है।

शिवगंगा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक सुशील शिवहरे अपने घर में किराना की थोक सामग्री का व्यापार करते हैं। दो साल पूर्व ही बने इस नये घर दुकान में तलहटी में गोदाम भी बनी है। ऊपरी हिस्से में परिवार रहता है। व्यापारी ने बताया कि रविवार की रात को प्रतिदिन की तरह वह दुकान व गोदाम बंद कर ऊपरी हिस्से में सोने चला गया था। देर रात लगभग तीन बजे कुछ पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनकी गोदाम से धुआं निकल रहा है। वह तत्काल नीचे आया लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। दुकान व गोदाम की सामग्री धूधू कर जलने लगी। शटर व दरवाजा भी खोलने का मौका नहीं मिला। आग की लपटें ऊपरी हिस्से तक पहुंची तो वहां पर मौजूद व्यापारी की पत्नी छोटी शिवहरे व पुत्री आरोही व यमी शिवहरे भी चीखने लगे। किसी तरह वह सब छत के रास्ते से पड़ोसी की छत पर कूदकर सुरक्षित बाहर आ सके।

स्थानीय लोगों ने बाल्टी व डिब्बे से पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड के तीन वाहन पहुंचे। तीन घंटे तक के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है।

घटना की जानकारी होते ही कई व्यापारी नेता व समाजसेवी शानू गुप्ता, अजीत सिंह, राहुल गुप्ता, पंकज अग्रवाल, रामबाबू गुप्ता, अशोक डब्लू, धर्मचंद्र, शंकर यादव, केशव शिवहरे आदि पहुंंचे और पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाया। सदर लेखपाल महेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। शाम को व्यापारी ने कोतवाली में दुकान व गोदाम में आग लगने से चार करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान की तहरीर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *