Spread the love


बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुर्जुग गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की गुत्थी उलझकर रह गई है। मंगलवार को मृतक की बहू अनीता अपने पिता रामबहोरी के साथ रिक्शा में बैठकर न्यायालय जा रही थी, तभी पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी चुन्नू (70), उसकी पत्नी कैलिशिया (68), भाभी तेजनिया उर्फ ब्रजरानी (76) व पौत्र प्रांशु (10) पुत्र बालेंद्र कुशवाहा की अज्ञात हत्यारों ने धारदार हथियार से गला काटकर 15 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। उनके शव घर में अलग-अलग पड़े पाए गए थे। इस हत्याकांड की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी है। इस हत्याकांड को लेकर मृतक चुन्नू की बहू अनीता पत्नी बालेेंद्र ने गिरवां थाना पुलिस की ओर से पूछताछ करने के लिए बार-बार थाने बुलाने पर सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था।

अनीता के अधिवक्ता अवधेश गुप्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अनीता मंगलवार को अपने पिता रामबहोरी के साथ पुलिस उप महानिरीक्षक के कार्यालय में उनसे मुलाकात करने भी गई थी। वह अपने पिता के साथ रिक्शा में बैठकर न्यायालय आ रही थी। तभी पुलिस उसे और उसके पिता को जीप में बैठाकर ले गई है।

अनीता के अधिवक्ता अवधेश गुप्ता ने सीजेएम न्यायालय में अनीता का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। अधिवक्ता ने न्यायालय से निवेदन किया है कि पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा जाए कि उसे किस बाबत उठाया गया है। उधर, गिरवां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि वह अभी मीटिंग में हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *