बांदा। बिजली विभाग में संविदा पर तैनात कर्मचारी ने नशे की हालत में घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में सिर्फ उसके बाबा थे। आत्महत्या की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कुशवाहा नगर निवासी नीरज साहू (24) बिजली सब स्टेशन जौरही में संविदा कर्मी था। सोमवार रात 11 बजे के करीब वह घर शराब के नशे में पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। रात एक बजे के करीब बाबा कल्लू उठे तो उसके कमरे का दरवाजा खुला मिला।
उन्होंने अंदर देखा तो दीवार में लगे एंगल से चादर के फंदे से नीरज का शव लटका हुआ था। मृतक के पिता मंगलदास ने बताया कि वह फतेहपुर में करीब 15 साल से कुल्फी का ठेला लगाता था। घटना के समय पिता, मां केशरिया समेत चार लोग फतेहपुर में थे।
नशे में उसने यह कदम उठाया। दो भाइयों में बड़ा था और चार बहनें हैं। कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी प्रतीत हो रही है। मृतक शराब के नशे का आदी बताया गया है। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं।
