नेहरू महाविद्यालय में अब नौ विषयों में छात्र-छात्राएं कर करेंगे परास्नातक
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध नेहरू महाविद्यालय को एग्रोनॉमी (कृषि विज्ञान) व हॉर्टिकल्चर (बागवानी) की मान्यता मिल गई है। इस विषय में अब कॉलेज से एमएससी कर सकेंगे। इसके अलावा कॉलेज को अंग्रेजी व राजनीति विज्ञान में एमए की मान्यता भी मिली है।
महाविद्यालय के संस्कृत सभागार में बुधवार को प्रबंधतंत्र की बैठक बुलाई गई थी। प्रबंधक प्रदीप चौबे ने कहा कि महाविद्यालय की ओर से कृषि संकाय में एमएससी एग्रोनॉमी, एमएससी हॉर्टिकल्चर, कला संकाय में एमए अंग्रेजी और एमए राजनीति विज्ञान विषयों में मान्यता के लिए आवेदन किया गया था। शासन एवं विश्वविद्यालय के निरीक्षण मंडल द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद महाविद्यालय को इन विषयों में मान्यता प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन विषयों की मान्यता प्राप्त होने से महाविद्यालय में अब हिंदी साहित्य, मनोविज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, गृहविज्ञान और कृषि संकाय में कृषि रसायन विज्ञान, एग्रोनॉमी, हॉर्टिकल्चर सहित नौ विषयों में स्नातकोत्तर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रबंध समिति के अध्यक्ष शरद खैरा ने कहा कि जनपद के छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की शिक्षा प्राप्त कराने के लिए प्रबंध समिति लगातार प्रयत्नशील है।
इस मौके पर उपाध्यक्ष विलास पटैरिया, प्राचार्य प्रोफेसर राकेश नारायण द्विवेदी, प्रोफेसर ओमप्रकाश शास्त्री मौजूद थे। इन्होंने कहा कि बीएड, बी.फार्मा, डी.फार्मा, नर्सिंग, बी.लिब, एम. लिब जैसे पाठ्यक्रमों की मान्यता के लिए प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर प्रबंध समिति के उप प्रबंधक हरदयाल सिंह लोधी, डॉ. शैलेंद्र सिंह चौहान, डॉ. राजीव निरंजन, विवेक पाराशर, फहीम बख्श और हरीप्रसाद आदि मौजूद रहे।
