परिजनों ने कहा- शराब की लत के कारण की आत्महत्या
नई बस्ती का मामला, बेटी व परिजन अस्पताल में
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नई बस्ती में पति का शव घर में गार्डर के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि मंगलवार की रात वह शराब पीकर घर आया था, इस पर उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। इसी झगड़े को लेकर उसकी 15 साल की बेटी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे नाराज पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर दी। वहीं, मोहल्ले के लोग बेटी को लेकर अस्पताल भागे। शव बुधवार की सुबह फंदे पर लटका मिला।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी दिव्यांग पप्पू कुशवाहा (42) पुत्र हजारी कुशवाहा का शव बुधवार को घर के अंदर छत पर लगे लोहे के गार्डर के सहारे दुपट्टे के फंदे पर लटकता हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को पप्पू की पत्नी सरस्वती अपने बच्चों के साथ बागेश्वर धाम गई थी। शाम को जब वह घर लौटकर आई तो पप्पू शराब के नशे में आया और गाली गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा था।
विवाद के दौरान पप्पू की 15 वर्षीय पुत्री ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। जिसे मोहल्ले के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया था। इसकी शिकायत सरस्वती ने पुलिस से की थी। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे मोहल्ले के लोगों ने पप्पू को देखा था। जबकि पत्नी व बच्चे अस्पताल में थे। सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले के लोगों को पप्पू घर के अंदर फंदे पर लटका मिला।
मृतक के परिजनों ने शराब के नशे में आत्महत्या करना बताया है। मृतक के एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
लटक रहे शव के नीचे खड़ा मिला स्कूटर
पप्पू कुशवाहा दिव्यांग स्कूटर से चलता था। बुधवार को जब वह फंदे पर लटकता हुआ मिला तो नीचे उसका स्कूटर खड़ा मिला। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने स्कूटर पर खड़े होकर ही फांसी लगाई होगी।
कर्ज चुकाने के लिए बना रहा था मकान बेचने का दबाव
परिजनों के अनुसार मृतक पप्पू के ऊपर करीब 5-6 लाख रुपये का कर्ज था। यह कर्ज चुकाने के लिए पप्पू अपनी पत्नी पर मकान बेच देने का दबाव बना रहा था। मकान पत्नी सरस्वती के नाम होने के कारण वह तैयार नहीं हो रही थी।
