जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया जेल निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंद्रोदय कुमार के निर्देश पर प्राधिकरण के सचिव अक्षयदीप यादव ने बृहस्पतिवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरुष बैरक, महिला बैरक, भोजनशाला, अस्पताल का निरीक्षण किया। जेल में निरुद्ध बंदियों से वार्तालाप कर उनसे किसी भी प्रकार की समस्या व जेल प्रशासन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के बारे में जानकारी ली गई। बंदियों को निशुल्क अधिवक्ता के लिए अवगत कराते हुए कहा कि यदि उन्हें निशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो, तो वह कारागार प्रशासन के माध्यम से अपना प्रार्थना पत्र भेज सकते है। भोजनशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था सामान्य पाई गई एवं सायं कालीन भोजन बनने की प्रक्रिया चल रही थी, जो कि प्रदर्शित खाने की सूची के अनुसार थी। इस दौरान लाल रत्नाकर सिंह जेल अधीक्षक, जीवन सिंह, शकुंतला देवी, भोलानाथ आंबेडकर एवं न्यायालय की ओर से रोहित राठौर उपस्थित रहे।
