बांदा। ट्रक की टक्कर से टेंपो सवार किसान की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य सवारियां भी घायल हो गईं। घायलों को अतर्रा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी रोशन यादव (48) शनिवार को सुबह छह बजे अतर्रा रेलवे स्टेशन से टेंपो करके गांव जा रहे थे। टेंपो में अन्य सवारियां भी थीं। अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के गौराबाबा स्थान के पास पीछे से आए ट्रक की टक्कर से टेंपो पलट गया। इसमें सवार रोशन यादव समेत मध्य प्रदेश के धौरही गांव निवासी सुशील (20), नरैनी कोतवाली क्षेत्र के कल्ला पुरवा निवासी कमलेश (28), व रीना (25), कालिंजर थाना क्षेत्र के परसहा गांव निवासी चुनबाद (68) गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने सभी घायलों को अतर्रा सीएचसी पहुंचाया। यहां रोशन ने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र गौरव ने बताया कि पिता किसान थे। आठ बीघा जमीन है। ट्रैक्टर भी है। वह ट्रैक्टर का पार्ट बनवाने झांसी जनपद के डबरा गांव गए थे। शुक्रवार रात बुंदेलखंड एक्सप्रेस से झांसी से लौटे थे।
शनिवार को सुबह अतर्रा रेलवे स्टेशन से गांव आने के लिए वह टेंपो में सवार हुए थे। तभी यह हादसा हुआ। उधर, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
