Spread the love


प्रशासन और कई थानों की पुलिस टीम ने मुनादी कराकर नयागांव मौजा में की कार्रवाई

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। समाजवादी पार्टी के गरौठा से पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की पत्नी और उनके एक रिश्तेदार के नाम दर्ज सात करोड़ पच्चीस लाख रुपये मूल्य की जमीनें शनिवार को कुर्क कर ली गईं। सीपरी बाजार थाना इलाके के नयागांव मौजा में हुई इस कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीमों के अलावा कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

कुख्यात लेखराज सिंह यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने 26 सितंबर 2022 को पूर्व विधायक दीपनारायण को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सात महीनों तक जेल में रहने के बाद उनकी छह मई को रिहाई हुई थी। लेकिन, अभी भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। शनिवार को पुलिस ने पूर्व विधायक की पत्नी मीरा यादव के नाम सीपरी बाजार थाना इलाके के नयागांव मौजा के गाटा संख्या 278 में दर्ज एक करोड़ पचपन लाख रुपये कीमत की 1254.64 वर्गमीटर जमीन कुर्क कर ली। इसके अलावा पूर्व विधायक के साले बृजेंद्र यादव के साले अखड़ापुरा मोंठ निवासी अनिल यादव उर्फ मामा की गाटा संख्या 275 में दर्ज पांच करोड़ सत्तर लाख रुपये कीमत की जमीन कुर्क की। कुर्की से पहले क्षेत्र में मुनादी कराई गई। इस दरम्यान सदर तहसीलदार लालकृष्ण के अलावा सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला, लहरगिर्द चौकी इंचार्ज रूपेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

बता दें कि इससे पहले पूर्व विधायक की पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *