अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पैरामेडिकल कॉलेज में धीरे-धीरे डिप्लोमा कोर्स बंद करके डिग्री काेर्स शुरू किए जा रहे हैं। अब बैचलर इन मेडिकल लेबोरेट्री साइंस और बैचलर इन फिजियोथेरेपी कोर्स शुरू करने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। इन कोर्सों के शुरू होने के बाद दो डिप्लोमा कोर्स बंद हो जाएंगे।
वर्ष 2014 में झांसी में 400 करोड़ से पैरामेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो गया था। हालांकि, कॉलेज शुरू होने के बाद यहां पर डिप्लोमा कोर्स की संचालित थे। 2018 में पहली बार यहां पर बीएससी नर्सिंग डिग्री कोर्स शुरू हुआ। चार साल बाद हाल ही में 30 सीटों वाले बैचलर इन मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिली है। इनकी जगह डिप्लोमा इन सीटी, एमआरआई और एक्सरे कोर्स बंद हो जाएंगे। वहीं, अब डिप्लोमा इन फिजियोथेरेपी और डिप्लोमा इन लैब टेक्नोलॉजी कोर्स भी बंद हो जाएगा। इनकी जगह पर शासन ने बैचलर इन फिजियोथेरेपी और बैचलर इन मेडिकल लेबोरेट्री साइंस कोर्स शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इन दोनों कोर्सों में 30-30 सीट होंगी। पैरामेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. अंशुल जैन ने बताया कि इसी सत्र से कोर्सों में प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा। अब सिर्फ कॉलेज में एक मात्र डिप्लोमा इन डायलिसिस कोर्स संचालित होगा। बाकी, सभी कोर्स डिग्री होंगे।
