Spread the love


मानिकपुर (चित्रकूट)। मारकुंडी थाना क्षेत्र के कस्बे के बाहर तेज रफ्तार से जा रही बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे गड्ढे में जा गिरी। लगभग 20 फिट नीचे गिरने पर बाइक सवार एक की मौत हो गई जबकि मृतक का साढू व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

पनगरा निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने रिश्तेदार मानिकपुर निवासी विजय कुमार व उसके साढू के साथ बाइक से रिश्तेदारी में मारकुंडी आया था। देर शाम लगभग सात बजे वह सब लौट रहे थे तभी अचानक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और कुछ दूरी पर जाकर एक गड्ढे में जा गिरी। इस पर तीनों गंभीर रूप से घायल हुए। राहगीरों की सूचना पर मारकुंडी व मानिकपुर थाना पुलिस टीम पहुंची। मानिकपुर थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि अस्पताल लाते समय विजय की मौत हो गई जबकि अन्य को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। घटना की जानकारी होते ही मृतक व घायलों के परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। मृतक के भाई देवकुमार ने बताया कि विजय की एक साल पूर्व शादी हुई थी। पत्नी पूजा बेसुध हो गई है। मृतक मजदूरी करता था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *