बबेरू। मार्निंगवाक पर निकले किशोर को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने सडक़ पर शव रखकर ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसडीएम और पुलिस के आश्वासन पर परिजनों ने शव उठाने दिया।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बेर्रांव गांव निवासी सुनील उर्फ नरोत्तम विश्वकर्मा (16) रविवार सुबह पांच बजे के करीब घर से मार्निंग वाक के लिए निकला था। बेर्रांव सडक़ पर पीछे से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सडक़ पर ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया।
हादसे की जानकारी पर एसडीएम बबेरू रावेंद्र सिंह और कोतवाल पंकज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया। ब्रेकर बनवाने के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता पवन विश्कर्मा ने बताया कि दो भाइयों में छोटा था। कैलाश पति इंटर कालेज बेर्रांव में कक्षा आठ में पढ़ता था। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि ट्रक को पकड़ लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
