बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से निपटने की जानकारी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सोमवार को नवीन गल्ला मंडी और सुमेरा तालाब पर एनडीआरएफ और डीडीएमए की तरफ से बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए मॉकड्रिल कर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में गाजियाबाद से आई 8वीं वाहिनी एनडीआरफ और डीडीएमए की तरफ से बाढ़ आपदा से निपटने के लिए सुमेरा तालाब पर मॉक ड्रिल किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी गुलशन कुमार ने की। टीम के असिस्टेंट कमांडर के नेतृत्व में विभिन्न तरीकों से बाढ़ आपदा के दौरान आने वाली समस्याओं आदि का प्रशिक्षण दिया गया।
आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने बताया कि जनपद बाढ़ जोन में नहीं है, फिर भी बहुत सारे बांध होने के कारण आपदा की स्थिति से इंकार नहीं किया जा सकता, जिससे बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति का आपदा के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। कार्यक्रम में आपदा संबंधित जानकारी सीपीआर देना, फ्लैट से बचाव, फायर से बचाव, ब्लड रोकने आदि की जानकारी दी गई।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी रावत, सुनीता पंथ और संध्या तिवारी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में तहसीलदार अभिमन्यु सिंह, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका निहाल चंद्र, सिंचाई खंड अधिकारी भूपेश सुहेरा, जल संस्थान, अग्निशमन, परिवहन एवं पंचायत राज, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं एनसीसी व स्काउट के कैडे्टस उपस्थित रहे।
उधर, गल्ला मंडी परिसर स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचक बल और डीडीएमए की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम मंडी सचिव कृष्णा बानी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने दामिनी ऐप, सचेत ऐप और डूबने वाले व्यक्तियों की क्षति को कम करने के लिए नाव शिक्षा नीति के अनुसार किस प्रकार डेटाबेस तैयार कर नाव में उपलब्ध होने वाले संसाधन आदि के बारे में जानकारी दी।
