संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Mon, 12 Jun 2023 11:33 PM IST
सी
बांदा। नानी की अंत्येष्टि में नहीं ले जाने पर नातिन ने फंदा लगाकर जान दे दी। छोटे भाई ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के खैराडा गांव निवासी मंदाकिनी उर्फ रुचि (13) ने रविवार की शाम चार बजे के करीब सूने घर में लोहे के पाइप में साड़ी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद बाहर से खेलकर छोटा भाई सागर घर आया तो मेन गेट अंदर से बंद था। उसने किसी तरह मेन गेट का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर बरामदे में रुचि का शव लटका था।
उसने पड़ोस में गईं दादी चंदा को जाकर बताया। मृतका के चाचा बालगोविंद वर्मा ने बताया कि रुचि जूनियर हाईस्कूल खैराहा में 6वीं की छात्रा थी। मृतका की नानी प्रेमा का निधन दो दिन पहले ग्वालियर में हो गया था। इसमें उसकी मां चंदा और पिता श्रीपाल अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए गए थे।
उसने भी मां से नानी की अंत्येष्टि में ले चलने को कहा था। लेकिन मां ने मना कर दिया था। मृतका तीन बहन और चार भाई में तीसरे नंबर की थी। पिता मजदूरी करते हैं। थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। माता-पिता ग्वालियर में हैं। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
