Spread the love


बांदा। शहर में 24 और गांवों में 20 घंटे बिजली के दावों की हवा निकल गई है। गर्मी के कारण बढ़े लोड से ट्रांसफार्मर व लाइनों में दिन-रात धड़ाधड़ फाल्ट हो रहे हैं। जनपद मुख्यालय सहित कस्बों और गांवों में बिजली की आपूर्ति लड़खड़ा गई है। इससे कुछ जगहों पर पानी की समस्या बढ़ गई है। बीते 24 घंटे के भीतर करीब 36 फाल्ट होने से भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल है।

शहर में स्थित चार सब स्टेशनों के करीब 25 फीडरों में फाल्ट से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति घंटों बंद रही। इनवर्टर भी जवाब दे गए। ऐसे में लोग 44 डिग्री तापमान में बिजली न होने से तिलमिला उठे।

रात के समय बिजली के जाने से लोगों ने छतों और सड़कों में टहल कर रात गुजारी। उधर, बिजली के पटरी से उतरने के साथ ही पेयजल आपूर्ति भी बाधित हुई है। पेयजल आपूर्ति न होने से शहर सहित गांवों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। लोग बिजली के साथ ही पानी की समस्या से भी परेशान हैं।

पीली कोठी स्थित सब स्टेशन के छोटी बाजार फीडर में सोमवार रात 12.40 बजे फाल्ट होने से कई घंटे तक लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। मंगलवार की सुबह नुनिया मुहाल में फाल्ट से सात बजे बिजली चली गई।

करीब दो घंटे गायब रही। लोग नलों तक से पानी नहीं भर पाए। सोमवार की रात 12.56 बजे चिल्ला सब स्टेशन के कालूकुआं मोहल्ले में फाल्ट से बिजली गुल हो गई। दो घंटे तक आपूर्ति बंद रही। मंगलवार की सुबह नौ बजे टेलीफोन फीडर की डॉ. रफीक के पास फाल्ट होने से करीब दो घंटे बिजली बंद रही। ठीक हुई फिर फाल्ट हो गया।

अलीगंज फीडर में सोमवार की शाम कई बार फाल्ट होने से एक घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। दोबारा आई तो लो वोल्टेज की समस्या रही। भूरागढ़ सब स्टेशन के मोहल्ला खिन्नीनाका, खुटला सहित आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली सोमवार की शाम सात बजे से रात 10 बजे तक कई बार गई।

पीली कोठी के स्टेशन रोड फीडर के स्टेशन के पास फाल्ट होने से सुबह सात बजे गुल बिजली चली गई और फिर 8.30 बजे सही हो सकी। तुलसी नगर सब स्टेशन के इंदिरा नगर में फाल्ट से रात आठ बजे गई बिजली नौ बजे चालू हो सकी। दोबारा फिर गई तो 11 बजे आई।

अधीक्षण अभियंता जेपीएन सिंह का कहना है कि जनपद में गर्मी से बिजली की मांग बढ़ी है। सब स्टेशनों में 35 मेगावॉट का लोड बढ़ गया है। फरवरी माह में जिले में बिजली की खपत 130 मेगावाट थी जो बढ़कर 165 मेगावॉट पहुंच गई है। ऐसे में फीडरों में फाल्ट व ट्रांसफार्मरों के आग लगने सहित लाइनों के टूटने की समस्याएं बढ़ गई हैं। हालांकि बिजली की सप्लाई शहर व गांवों में मानक के अनुरूप ही की जा रही है।

गिरवां। देवी जी खत्री पहाड़ के पास बने 33/11 केपी सब स्टेशन से होने वाली बिजली की आपूर्ति पटरी से उतर गई है। बिजली की आवाजाही से लोग खासे परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फाल्ट बढ़ने के कारण दिन में लगातार बिजली आती-जाती रहती है। बिजली गुल होने से पानी की आपूर्ति भी बेपटरी हो गई है। नलों में पानी न आने से लोग एक-एक बाल्टी पानी को परेशान हैं।

बदौसा। भीषण गर्मी में बिजली रुला रही है। गांवों को बमुश्किल 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही। बंगालीपुरवा, निजामी नगर में आए दिन फाल्ट से आपूर्ति बंद रहती है। लो-वोल्टेज की समस्या से भी ग्रामीण परेशान हैं। मानक के अनुरूप बिजली की सप्लाई न होने से पेयजल सप्लाई भी लड़खड़ा गई है। भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए दो-चार होना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *