कल्यानपुरा व अमझरा गोशाला का मामला
भुगतान भी रोका, बीडीओ की रिपोर्ट पर सीडीओ ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गोशालाओं में खराब भूसा सप्लाई के चलते आपूर्तिकर्ता फर्म का मुख्य विकास अधिकारी ने भुगतान रोक दिया है। इसके साथ ही फर्म से स्पष्टीकरण तलब कर ब्लैक लिस्ट करने का चेतावनी पत्र लिखा है।
जनपद में भूसे की आपूर्ति कर रही फर्म शिव इंटरप्राइजेज द्वारा विकास खंड बिरधा के ग्राम कल्यानपुरा स्थित गोवंश आश्रय स्थल पर विगत 9 जून को चार ट्रॉली भूसा लाया गया था। ऊपर से तो भूसा सही दिखाई दे रहा था, लेकिन अंदर जब जांच की गई तो भूसा खराब व काला निकला। इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी को दी गई।
खंड विकास अधिकारी के पहुंचने से पहले चार ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर ड्राइवर भाग गए। इसके अलावा विकास खंड मड़ावरा के अंतर्गत गोवंश वन्य विहार अमझरा में विगत 6 जून से 9 जून तक 117 क्विंटल भूसे की आपूर्ति की गई थी, जो गुणवत्ताविहीन था। दोनों खंड विकास अधिकारियों ने इनका भुगतान रोककर मुख्य विकास अधिकारी को रिपोर्ट दी।
खंड विकास अधिकारियों की रिपोर्ट पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आपूर्तिकर्ता फर्म को स्पष्टीकरण सहित चेतावनी पत्र जारी किया गया है। बताते चलें कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में शिव इंटरप्राइजेज से 490 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं, चना व मटर के भूसे की आपूर्ति का ठेका हुआ है।
