जनपद में 39 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्यनरत हैं हजारों छात्र-छात्राएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अब गर्मी के दिनों में बिजली न होने पर कक्षा में पसीना नहीं बहाना पड़ेगा। अब जनपद में संचालित राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सोलर पैनल लगवाए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इन सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जनपद वर्तमान समय में 39 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें कुछ में हाईस्कूल तक तो कुछ में इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं चलती हैं। इन विद्यालयों में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। गर्मी के दिनों में छात्र-छात्राओं को तब पसीना-पसीना पड़ता है जब बिजली नहीं आती। इस कारण से गर्मी के दिनों में स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी कम रहती है। लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा और राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को गर्मी से निजात मिलेगी।
समग्र शिक्षा योजना के तहत अब जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित करवाए जाएंगे। यह सोलर पैनल प्लांट पांच केवीए क्षमता का होगा। सोलर प्लांट लग जाने से इन सभी विद्यालयों की बिजली के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएंगे। विद्यालय इनवर्टर लगाकर बिजली का प्रयोग कर सकेंगे और कक्षाओं में लगे पंखे चल सकेंगे।
अन्य बिजली के उपकरणों का भी प्रयोग किया जा सकेगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही इन्हें स्थापित कर दिया जाएगा और इसका लाभ नए सत्र में विद्यालयों में पढ़ने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को मिलने लगेगा।
सिर्फ जीजीआईसी में स्थापित है सोलर प्लांट
जहां माध्यमिक विद्यालयों में सोलर प्लांट लगाए जाने की योजना शासन के निर्देश पर जनपद में शुरू हो रही है। वहीं शहर में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पूर्व से ही सोलर प्लांट स्थापित है। इसे विद्यालय प्रशासन ने कुछ वर्ष पूर्व स्थापित करवाया था।
जनपद में संचालित राजकीय विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित कराए जाएंगे। यह सोलर प्लांट पांच केवीए क्षमता के होंगे। सोलर प्लांट स्थापित हो जाने से विद्यालय बिजली के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएंगे और कक्षाओं में लगे पंखे बिजली न आने पर चल सकेंगे। जिससे गर्मी के दिनों में कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी।
-गंगा सिंह राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक
