मऊ (चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क पार कर रही कक्षा तीन की छात्रा को कार ने टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार व उसके चालक को पकड़ लिया है।
घटना मंगलवार की सुबह मऊ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हटवा गांव के पास हुई। बताया गया है कि हटवा निवासी अक्षन अली की आठ वर्षीय पुत्री सायमा बानो सुबह आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हटवा गांव के पास सड़क किनारे दुकान से सामग्री लेने गई थी।
तभी सड़क पार करते वक्त प्रयागराज की ओर से तेज रफ्तार आ रही एक्सयूवी कार ने उसे टक्कर मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया। सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रैपुरा पुलिस ने कार व उसके चालक को पकड़ लिया है।
किशोरी के चाचा नौसाद अली ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय हटवा की छात्रा थी। वह तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ी थी। मां सहीदुननिशा का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता दमन द्वीप में रहकर मजदूरी करते हैं।
