जाखलौन के ग्राम पड़ोरिया निवासी के रूप में हुई पहचान
सुसाइड नोट में तीन लोगों से जान को खतरा और पीछा करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे मालगोदाम के पास फंदे पर एक ग्रामीण का शव लटका मिला। उसके पास से एक सुसाइड भी नोट मिला। जिसमें उसने तीन लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। जबकि रात में पिता को उसके घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी।
मंगलवार की सुबह रेलवे मालगोदाम के पास एक ग्रामीण का शव टिनशेड के नीचे लोहे के एंगल पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। जिसकी शिनाख्त थाना जाखलौन के ग्राम पड़ोरिया निवासी कल्यान (42) पुत्र विंद्रावन के रूप में हुई। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता ने बताया कि कल्यान ने गांव के एक युवक के साथ साझेदारी में पुराना ट्रैक्टर, भूसा मशीन व अन्य सामान खरीदा था। लेकिन, इसकी किस्त न चुका पाने के कारण ट्रैक्टर फाइनेंस करने वाला व्यक्ति दो दिन पहले ट्रैक्टर उठा ले गया था।
पिता ने बताया कि इसके बाद उन्होंने अपना अनाज बेचकर बेटे कल्यान को चार लाख रुपये दिए। सोमवार को कल्यान साझेदार के साथ ट्रैक्टर फाइनेंस करने वाले व्यक्ति का हिसाब-किताब करने की बात घर से निकला था। इसके बाद रात में जानकारी मिली कि कल्यान घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती है।
उन्होंने बताया कि रात में फसल की रखवाली करने के कारण वह अस्पताल नहीं जा सके, सोचा कि सुबह जाएंगे। लेकिन, मंगलवार की सुबह जानकारी मिली कि कल्यान का शव फंदे पर लटका मिला है।
उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटे व दो बेटियां हैं। वह खेती किसानी करता था। वहीं, मृतक की जेब से जो सुसाइड नोट मिला है उसमें उसने तीन लोगों से जान को खतरा और मारने की कोशिश करते हुए अस्पताल व कोतवाली में पीछा करने की बात लिखी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने अभी तक पुलिस में कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर
