नरैनी। घर के बाहर सो रहे परचून दुकानदार को मैजिक गाड़ी ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। मैजिक चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के शंकरपुरवा गांव निवासी बाबूलाल प्रजापति (45) पुत्र रामगोपाल अपने घर के सामने चारपाई पर सो रहा था। मंगलवार की सुबह साढ़े चार बजे एक तेज रफ्तार मैजिक कानपुर से टमाटर लादकर मैहर, मध्यप्रदेश जा रही थी। इसी दौरान कालिंजर मुख्य मार्ग पर शंकरपुरवा में मैजिक चालक को झपकी आ जाने पर गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद घर के बाहर सो रहे बाबूलाल को रौंदा और पलट गई। गाड़ी पलटने से पूरे सड़क में टमाटर फैल गया। हादसे में घर के बाहर सो रहा बाबूलाल गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, चालक और क्लीनर के मामूली चोटें आईं हैं।
ग्रामीणों की मदद से चालक व क्लीनर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने घर के सामने ही एक छोटी सी परचून की दुकान रखे हुए था। अपनी दुकान की रखवाली करने के लिए घर के बाहर चारपाई में सोया करता था। साथ ही, टेलरिंग का काम भी करता था।
