Spread the love


अमर उजाला ब्यूरो

रानीपुर। रानीपुर के लुहरगांव से लापता हुई विवाहिता घर लौटते समय परिजनों को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूद गई। परिवार के लोग उसे मेंहदीपुर (राजस्थान) से लेकर रानीपुर लौट रहे थे। मेंहदीपुर से आगे खेरली के पास महिला ने ट्रेन से छलांग लगा दी। परिजनों ने चेन पुलिंग करके गाड़ी रुकवाई लेकिन अधिक चोट आ जाने से महिला ने वहीं दम तोड़ दिया। पोेस्टमार्टम कराने के बाद परिजन मंगलवार शाम शव लेकर रानीपुर पहुंचे।

लुहरगांव निवासी लेखपाल कुशवाहा गांव में रहकर खेती-किसानी करता है। कचनेव गांव निवासी रश्मि के साथ सात साल पहले उसकी शादी हुई थी। परिवार में पांच साल के पुत्र समेत ग्यारह माह की पुत्री है। परिजनों के मुताबिक पति से विवाद के बाद रश्मि 9 जून को अपनी दुधमुंही बच्ची को लेकर लापता हो गई। बैंक से उसने 25 हजार रुपये भी निकाले थे। अपनी सहेली के साथ वह मेंहदीपुर (राजस्थान) चली गई। मंदिर के बगल में ही कमरा लेकर ठहर गई। उधर, पत्नी के लापता होने से परेशान लेखपाल ने मऊरानीपुर थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज करा दी।

परिजनों के तलाशने पर उसके मेंहदीपुर में होने की बात मालूम चली। 10 जून को पति समेत मायके पक्ष के लोग मेंहदीपुर पहुंच गए। रश्मि वापस आना नहीं चाहती थी लेकिन, परिवार के दबाव में वह राजी हो गई। 11 जून को सभी ट्रेन से वापस लौट रहे थे। पति ने बच्ची को गोद में लिया हुआ था। उसी दौरान रश्मि बाथरूम के बहाने उठी और चलती ट्रेन से नीचे कूद गई। चलती ट्रेन से उसके कूद जाने से अफरातफरी मच गई। अधिक चोट आ जाने से रश्मि की मौके पर मौत हो गई। राजस्थान में ही पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर रानीपुर पहुंचे। कोतवाल तुलसी राम पांडेय का कहना है कि परिजनों ने विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया है। उसके घर से लापता होने की बात अभी साफ नहीं हो सकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *