– पांच जून को ईओ को दिए पत्र का जवाब न मिलने से हुए नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
बड़ागांव। नगर पंचायत में हुई नए कार्यकाल की पहली बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। सभासदों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पर उनके पत्र का जवाब न देने और मांगों को पूरा न करने का आरोप लगाया। बहिष्कार के चलते बोर्ड बैठक में कोई प्रस्ताव पास नहीं हो सका।
बड़ागांव नगर पंचायत में 10 सभासद हैं। पांच जून को पांच सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा था। सभासदों ने पत्र में जिक्र किया था कि नगर पंचायत में जितना बजट हो, उसी अनुसार काम प्रस्तावित किए जाएं। बोर्ड बैठक में क्षेत्रीय सांसद और विधायक को भी आमंत्रित किया जाए। नगर पंचायत में किन-किन वित्तीय मदों पर कितना बजट है, इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। सभासदों का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी ने एक भी मांग का जवाब नहीं दिया।
बुधवार को नगर पंचायत में बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें सभासद राहुल कुशवाहा, रानी कुशवाहा, क्रांति, रिब्बा और भगवत कुशवाहा ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा भी हुआ। सभासदों के बैठक से चले जाने से कोरम पूरा नहीं हुआ और प्रस्ताव पास नहीं हो सके।
