अटल आवासीय विद्यालय में हुए कार्यक्रम में बैनर पर अपनी फोटो न देख भड़के जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन
कहा- बदनामी और बेइज्जती कर रहे अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। मैं जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन हूं, मेरी फोटो कहीं नहीं लगती। अब हम जूता चलाएंगे, हम जाएंगे नहीं। मुझे किसी का डर नहीं। जहां देखो बदनामी और बेइज्जती कर रहे हैं। केवल वोट मांगने के लिए और चंदा देने के लिए हैं हम। सरकारी कार्यक्रम में लगे एक बैनर पर अपना फोटो न देख जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन भड़क उठे। उन्होंने गुस्से में अधिकारियों के खिलाफ काफी कुछ कह डाला। किसी ने टोका तो उसे भी नहीं छोड़ा। जिला पंचायत अध्यक्ष की इस नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर धौर्रा के पठार क्षेत्र में बने अटल आवासीय विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री मनोहर लाल पंथ और सदर विधायक रामरतन कुशवाहा भी शामिल हुए। कार्यक्रम शुरू होने के थाेड़ी देर बाद जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन भी दल बल के साथ पहुंच गए। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करते ही उन्होंने बाहर लगा बैनर और होर्डिंग देखा। इस बैनर पर राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ और एमएलसी रमा निरंजन की फोटो लगी थी। बैनर पर अपनी फोटो न देख जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन का पारा चढ़ गया।
उन्होंने भाजपा नेताओं के सामने फोटो न लगाने पर आपत्ति जताई। इसका किसी कार्यकर्ता ने वीडियो बना लिया। वीडियाे में जिला पंचायत अध्यक्ष कह रहे हैं कि मेरी फोटो कहीं भी नहीं लगाई जाती। मुझे बस वोट मांगने और चंदा मांगने के लिए याद किया जाता है। इसके बाद किसी ने पीछे से पूछा कि क्या हो गया अध्यक्ष जी, तो जिला पंचायत अध्यक्ष कहने लगे कि जहां देखो हर जगह बदनामी और बेइज्जती कर रहे हैं।
पीछे से मंत्री मनोहर लाल पंथ कहते हैं कि अरे चलो छोड़ो, तो जिला पंचायत अध्यक्ष ने उनको भी लपेट लिया। जिला पंचायत अध्यक्ष वीडियो में राज्यमंत्री से कहते दिख रहे हैं कि अरे यार ऐसो नहीं तुम खुद उठके भग जात हो मंत्रीजी, विधायकजी खुद भग जात जिनकी फोटो नहीं लगती। हमें प्रवचन दे रहे। ये थोड़ी होता है कि बेइज्जत किया जाए जिला पंचायत अध्यक्ष को। इस बैनर में देखो फोटो नहीं है। विधायक की भी नहीं है। रमा निरंजन की लगवा लो।
वीडियो वायरल होने के बाद सियासी हलकों में इसे लेकर चर्चा का आलम है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सरकारी कार्यक्रम में लगातार हो रही अनदेखी को लेकर प्रदेश नेतृत्व से शिकायत करने की बात कही।
सरकारी कार्यक्रमों में लगातार अनदेखी की जा रही है। पार्टी और पार्टी कार्यकर्ताओं से कोई नाराजगी नहीं है। – कैलाश निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष
कोई गंभीर मामला नहीं है। ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं। – मनोहर लाल पंथ, राज्यमंत्री
अटल आवासीय विद्यालय निर्माण भाजपा सरकार की उपलब्धि : सदर विधायक
जाखलौन (ललितपुर)। केंद्र सरकार में नौ साल पूर्ण होने पर भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि नव निर्मित अटल आवासीय विद्यालय धौर्रा पहुंचे।
सभागार में आयोजित मीटिंग में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने जिले के विकास में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, प्रदीप चौबे, जगदीश सिंह लोधी,धर्मेंद्र गोस्वामी, बंशीधर श्रीवास, सुरेश प्रकाश कौन्तेय, केपी सिंह बुंदेला, राजेश लिटोरिया,धर्मेंद्र पाठक, दिग्विजय सिंह लोधी, संदीप बुंदेला, बब्बू राजा बुंदेला, देवेंद्र श्रीवास्तव गुरू, गौरव गौतम, श्याम बिहारी, हरिराम लोधी सहित भाजपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संवाद
