दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, डीएम ने पानी, बिजली की व्यवस्था करने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। भीषण गर्मी व उमस के बीच अषाढ़ माह की अमावस्या का पर्व आज रविवार 18 जून को मनाया जाएगा। एक दिन पूर्व शनिवार से ही हजारों श्रद्धालुओं को जमावड़ा तीर्थक्षेत्र में हो गया है। जिला प्रशासन ने उम्मीद की है कि इस बार अमावस्या में दो लाख श्रद्धालु मंदाकिनी में डुबकी लगाएंगे। इसकी तैयारी को लेकर एडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। छाया, पानी, बिजली की व्यवस्था करने के साथ ही मेला क्षेत्र में सफाई करने के निर्देश दिया। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की व्यवस्था भी की गई।
एडीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है । जिसको देखते हुए धर्मनगरी क्षेत्र सहित परिक्रमा मार्ग में पानी के लिए जगह जगह टैंकर खड़े किए जाए। नगर पालिका परिषद कर्वी, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में सफाई की जाए। कोई भी अन्ना मवेशी मेला क्षेत्र के अंदर न जाने पाए।
इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। परिक्रमा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरा लगाए। रामघाट, परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। उन्होंने एसडीएम राजबहादुर व सीओ हर्ष पांडेय से कहा कि मेला क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्था देखे। वाहनों के खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए।
इधर, मेला क्षेत्र में तीर्थयात्रियों का आना शुरु हो गया है। गर्मी व उमस से बचने के लिए लोग दोपहर को कम सुबह शाम ज्यादा मंदिर में दर्शन करने जा रहे हैं। रविवार को भी यही क्रम रहने की उम्मीद है। परिक्रमा मार्ग पर गर्म पत्थरों के बीच परिक्रमा लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पानी व छाया की व्यवस्था की गई है। यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि रविवार को रामघाट की ओर जाने वाला मार्ग जरूरत को देखते हुए वन वे किया जाएगा। बडे वाहनों की नो इंट्री जारी रहेगी।
