मऊ(चित्रकूट)। बेटी की विदाई के दोरान हुए विवाद से गुस्साए पिता ने अपनी ही बेटी को गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से नवविवाहिता गंभीर रुप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। देर शाम पुलिस ने आरोपी पिता को पकड़ भी लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घायल महिला का प्रयागराज में इलाज चल रहा है। बरियारी कला गांव निवासी मुस्कान मिश्रा (19) का विवाह बीती 10 मई को पूरे भट्टू शंकरगढ़ प्रयागराज निवासी बबूल मिश्रा से हुआ है। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती घायल मुस्कान ने बताया कि शादी के बाद वह एक बार ससुराल गई थी।
पहली विदाई में दस दिन पूर्व मायके आई थी। शनिवार को देवर अनिल मिश्रा व अन्य लोग उसे विदा कराने आए थे। इसी बीच युवती के पिता अभिमन्यु मिश्रा ने विदाई करने से इन्कार कर दिया। इसी बात पर ससुरालीजन व मायका पक्ष में कहासुनी होने लगी। मुस्कान ने बताया कि उसने पिता को कमरे में ले जाकर समझाने का प्रयास किया तो आक्रोशित पिता ने उसे ही तमंंचे से गोली मार दी और भाग निकले।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार की सुबह विदाई के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ और एक-दूसरे पर चारित्रिक आरोप प्रत्यारोप लगाना शुरु कर दिया। इससे बाद बिगड़ गई और अभिमन्यु ने कमरे में पुत्री को गोली मार दी। गोली दाहिने हाथ की कोहनी के पास लगी और कुछ छर्रे पेट में जा धंसे। कुछ परिवारीजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।
पुत्री को गोली मारने के बाद आरोपी अभिमन्यु तमंचा के साथ अपना मोबाइल भी लेकर भागा था। उसने गांव के कुछ लोगों को फोन कर घर की स्थिति, पुलिस की लोकेशन व पुत्री की हालत की जानकारी ली थी। देर शाम को पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे पकड़ लिया। चर्चा है कि आरोपी अपने किसी साथी से तमंचा लेकर आया था। पुत्री को गोली मारने वाले पिता आरोपी अभिमन्यु मिश्रा के बारे में गांव में बताया गया कि वह अक्सर विवाद करता था। चार माह पूर्व ही परिवारीजनों से भूमि विवाद होने पर मारपीट की थी। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की थी।
