संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला योजना सदस्य पद के चुनाव में दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। दो पदों के तीन आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे, जिसमें जांच के दौरान एक पर्चा खारिज हो गया। इससे अब सिर्फ दो ही उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें एक अनारक्षित व एक आरक्षित महिला की उम्मीदवार हैं।
जिला योजना बैठक के लिए 16 सदस्यों का चुनाव होता है, इनमें जिला पंचायत सदस्यों से 14 व दो सदस्य निकाय क्षेत्र से चुने जाते हैं। निकाय चुनाव के कारण निकाय क्षेत्र के दो पद रिक्त चल रहे थे। जिसके चलते इन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया कराई जा रही थी। एक पद अनारक्षित वर्ग के लिए व एक पद पुरुष के लिए आरक्षित था।
पूर्व से ही अनुमान था कि इन दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होगा। लेकिन एक ऐन वक्त पर अनारक्षित वर्ग के नामांकन में दो नामांकन दाखिल किए गए, जिनमें नगर पालिका परिषद से आलोक जैन मयूर व नगर पंचायत महरौनी नीलेश जैन शामिल रहे। तो वहीं महिला सीट के लिए नगर पंचायत तालबेहट से अर्चना का ही नामांकन प्राप्त हुआ।
जांच के बाद नीलेश जैन के अनुमोदक का क्रमांक गलत होने के कारण उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। 21 जून को नाम वापसी के बाद इसकी अधिकारिक घोषणा की जाएगी।
