ललितपुर। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने ललितपुर स्टेशन पर आयोजित संरक्षा सेमिनार की अध्यक्षता की। सेमिनार में मंडल के परिचालन, इंजिनीयरिंग, सेफ्टी तथा सिग्नल विभाग के 50 से अधिक अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
रेल प्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों से कहा कि हमें किसी भी कीमत पर शॉर्टकट नहीं अपनाना है। हर कार्य को पूर्ण दक्षता के साथ शत प्रतिशत संरक्षा मानकों को अपनाते हुए पूरा करना है। हमें अपने कर्तव्य का पालन करते हुए यह ध्यान रखें कि हमारे अपने भी किसी न किसी ट्रेन में यात्रा कर रहे होंगे। उन्होंने ने बताया की मरम्मत कार्य के लिए ब्लॉक लेने का कार्य समय रहते पूर्ण करें। अन्य विषयों पर जैसे कि स्टेबल लोड, शंटिंग के दौरान ली जाने वाली सावधानी, पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के समय बरती जाने वाली सावधानियों पर भी चर्चा की। उन्होंने ललितपुर-बिरारी के बीच निर्माणाधीन रोड अंडरब्रिज पर चल रहे बॉक्स पुशिंग कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल सिग्नल अभियंता अमित गोयल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता आई पी एस यादव, वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर (मध्य) कपिल गोयल, उप मुख्य इंजिनीयर (निर्माण) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
