Spread the love


बांदा। सड़क हादसे में देवर-भाभी की मौत से शादी वाले दो परिवारों में मातम है। महिला के मायके और ससुराल में शादियां थी। महिला का पति मुंबई से चल दिया है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव के एक किलोमीटर पहले खंजा बाबा स्थान पर बोलेरो की टक्कर से बदौसा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी शांति देवी (20) अपनी दो साल की मासूम पुत्री खुशी को लेकर अपने देवर धनराज उर्फ धन्नो (22) के साथ बाइक से अपने मायके पुनाहुर गांव शादी में जा रही थी। सोमवार की रात साढ़े आठ बजे सड़क हादसे में दोनों की मौत हो गई थी।

धनराज के चचेरे भाई आशिकराम ने बताया कि पुनाहुर में मृतका शांति देवी के ताऊ जगन्नाथ यादव की पुत्री प्यारी की 22 जून को शादी है। उसमें शामिल होने के देवर के साथ गई थी। मृतका का पति नत्थू यादव मुंबई में रहकर कार्टून (डिब्बा) बनाने की फैक्टरी में काम करता है। उसके गांव न आने पर वह देवर के साथ जा रही थी। बताया कि मृतक धनराज के चचेरे भाई आशिकराम की भी 25 जून को शादी है। परिवार में दो-दो शादियां होने पर मृतक धनराज वापी गुजरात से 28 अप्रैल को गांव आ गया था।

बताया कि अभी दोनों परिवारों ने शादी की तिथि बढ़ाने के लिए कोई फैसला नहीं लिया है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। थानाध्यक्ष कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि टक्कर मारने वाली बोलेरो की तलाश की जा रही है।

बांदा। दो साल की मासूम खुशी को नहीं पता कि उसके सिर से मां का साया उठ चुका है। हादसे में उसका बचना किसी आश्चर्य से कम नहीं है। उधर, मृतक धनराज के पिता रामबहादुर यादव ने बताया कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। परिवार का कमाऊ सदस्य था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *