प्रभारी सीवीओ रिश्वतकांड : पुलिस वीडियो की जांच करने में जुटी, पहली जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रभारी सीवीओ के रिश्वतकांड के मामले में लाखों रुपये रिश्वत लेने के वायरल हुए वीडियो की जांच रिपोर्ट पुलिस ने डीएम के समक्ष प्रस्तुत कर दी। वहीं अब इसी मामले से जुड़े एक अन्य वीडियो की जांच कराने के निर्देश डीएम ने पुलिस को दिए हैं।
प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसके पांडेय का एक कमरे में तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसकी जांच पुलिस ने पूरी कर ली है। इससे पहले कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कोई कार्रवाई की जाती। डीएम के समक्ष एक और वीडियो आ गया। यह वीडियो सीवीओ के रिश्वत देने वाले वीडियो से पूर्व का था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद डीएम ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर इसकी जांच करवाने की बात कही है। पुलिस अब दूसरे वीडियो की जांच करने में जुट गई है। अब पुलिस पहले वीडियो और दूसरे वीडियो में कहीं जा रही बातों और लोगों पर नजर रख रही है। दोनों वीडियो की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पुलिस इस वीडियो की जांच कर जल्द ही रिपोर्ट डीएम के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इसके बाद डीएम इस मामले को लेकर कार्रवाई के निर्देश जारी करेंगे।
भूसा टेंडर की धनराशि बढ़वाने के नाम पर ले रहे थे रिश्वत
तीन जून को प्रभारी सीवीओ का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में प्रभारी सीवीओ रहे एसके पांडेय भूसा टेंडर की धनराशि बढ़वाने के नाम पर तीन लाख रुपये की रिश्वत ले रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच अपर निदेशक पशु पालन विभाग देवेंद्र गुप्ता ने की थी। उन्होंने एक सप्ताह पूर्व रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी थी।
प्रभारी सीवीओ रहे एसके पांडेय के रुपये लेते वीडियो की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। वहीं इसी मामले से जुड़ा हुआ एक और वीडियो आया है। इसकी जांच पुलिस से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आलोक सिंह, डीएम
डीएम के पत्र के क्रम में प्रभारी सीवीओ के रुपये लेते हुए वीडियो की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट डीएम के समक्ष प्रेषित कर दी गई है।
अभिषेक कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक
