Spread the love


ट्रेन से गिरने के कारण हुआ हादसा, भाई ने की शिनाख्त

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के अंतर्गत रेल पटरी पर मिले अज्ञात शव की शिनाख्त दिल्ली के आदर्श नगर निवासी युवक खेम बहादुर के रूप में की गई। युवक ट्रेन में सवार होकर पूना से दिल्ली जा रहा था। जाखलौन के पास ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हो गया था।

मंगलवार की सुबह जाखलौन पुलिस को महेशपुरा-ककरुआ के पास रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 1031/1-3 के मध्य डाउन ट्रैक पर एक अज्ञात शव पड़ा मिला था। मृतक के पास रेलवे टिकट और मोबाइल फोन मिला था।

मोबाइल फोन में मिले नंबरों से संपर्क करने पर उसकी शिनाख्त खेम बहादुर (39) निवासी आदर्श नगर नार्थ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई। सूचना पर मृतक का भाई वीरेंद्र बुधवार को जनपद पहुंचा। वीरेंद्र ने बताया कि उसका भाई खेम बहादुर 17 जून को अपने भांजे को लेने के लिए ट्रेन से गोवा के वास्कोडिगामा शहर जा रहा था। वास्कोडिगामा आने से पहले वह ट्रेन में सो गया था। जिस कारण वह पूना पहुंच गया था।

उधर, पूना पहुंचने की बात खेम बहादुर ने अपने एक दोस्त को फोन करके बताई और पूना से दिल्ली आने की बात कही थी। 19 जून की रात को खेम बहादुर का मोबाइल बंद आने लगा था। 20 जून को पुलिस ने फोन पर सूचना देकर रेल पटरी पर शव मिलने की बात कही थी। जिसके बाद वह ललितपुर पहुंचा और शव की शिनाख्त अपने भाई के रूप में की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था, उसके एक पुत्र व तीन पुत्री है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *