Spread the love


बांदा। यूपी-112 की गाड़ी चिल्ला थाना क्षेत्र में बुधवार को अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। गाड़ी में सवार चालक होमगार्ड की मौके पर मौत हो गई। गाड़ी में सवार सिपाही और मृतक होमगार्ड का पुत्र गंभीर घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

यूपी -112 की पीआरबी-795 में तैनात पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी होमगार्ड रामनरेश चंदेल (50) अपने साथी सिपाही जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के खरका पिपरी गांव निवासी दीपक कुमार (30) के साथ पपरेंदा गांव से चिल्ला की ओर किसी शिकायत पर जा रहे थे। गाड़ी होमगार्ड चला रहा था।

पपरेंदा गांव के पास होमगार्ड का पुत्र राजा सिंह (25) मिल गया। उसे देख पिता ने गाड़ी में बैठा लिया। तीनों अतरहट गांव के पास पहुंचे थे कि गाड़ी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े पेड़ से टकराकर खंती में पलट गई। इससे होमगार्ड ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सिपाही और होमगार्ड का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर चिल्ला थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह, यूपी डायल-112 प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और तीनों को गाड़ी से निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने होमगार्ड को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सिपाही और होमगार्ड पुत्र को भर्ती किया है। घटना की जानकारी लगने पर अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी भी जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली। होमगार्ड के तीन पुत्र और पत्नी चुन्नी सिंह है। अपर एसपी ने बताया कि सडक़ हादसे में होमगार्ड की मौत हुई है। सिपाही घायल है। दोनों के परिजनों को जानकारी दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *