Spread the love


एक वर्ष पूर्व प्रशासनिक आधार पर लाया गया था जिला कारागार

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। जिला कारागार में करीब एक वर्ष से निरुद्ध चल रहे बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर की पेशी कारागार से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कराई जा रही। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय कारागार प्रशासन ने लिया है।

11 जुलाई 2022 को बलरामपुर के पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर को प्रशासनिक आधार पर बलरामपुर जेल से जिला कारागार में शिफ्ट किया गया था। पूर्व सांसद पर नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या की साजिश रचने क आरोप है। जिला कारागार में शिफ्ट होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेशी कराने के लिए जनपद से भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच बलरामपुर ले जाया जाता रहा।

लेकिन, बलरामपुर पहुंचने के दौरान वहां पर भारी भीड़ एकत्रित हो जाती थी। जिस कारण जनपद से सुरक्षा के लिए जाने वाली पुलिस को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता था। पेशी के दौरान आने वाली परेशानी और सुरक्षा में चूक होने की आंशका की रिपोर्ट पुलिस ने उच्चाधिकारियों को दी थी। जिसके बाद कारागार प्रशासन ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर की सुरक्षा को देखते हुए पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग से करने की मांग रखी। जिस पर कोर्ट ने स्वीकृति प्रदान कर दी थी।

अब रिजवान जहीर की कोर्ट पेशी जिला कारागार से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होने लगी। जिससे जिला कारागार सहित पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

प्रशासनिक आधार पर भेजे गए नौ बंदी हैं निरुद्ध

जिला कारागार में वर्तमान में 430 बंदी निरुद्ध चल रहे हैं। जिसमें कुछ सजायाफ्ता तो कुछ विचाराधीन बंदी हैं। जबकि नौ बंदी ऐसे हैं जिनको प्रशासनिक आधार पर अन्य जेलों से जनपद की जेल में शिफ्ट किया गया था। इसमें प्रतापगढ़, बस्ती, कानपुर, बलरामपुर, गोंडा सहित अन्य जनपदों के बंदी शामिल हैं। इन नौ बंदियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल में बैरक में रखा गया है और चौबीस घंटे सभी की सघन निगरानी की जाती है।

बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अब उनकी पेशी कारागार से ही वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए की जा रही है। सुरक्षा में चूक की संभावना बनी रहती थी। इस कारण से यह व्यवस्था की गई है।

लाल रत्नाकर सिंह, जेल अधीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *