ललितपुर। जिलाधिकारी आलोक सिंह ने ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर संस्थागत प्रसव की प्रगति खराब होने पर एमओआईसी को फटकार लगाते हुए कहा कि आशा एवं एएनएम पर निर्भर न रहें, प्रगति में सुधार लाते हुए चिकित्सा इकाइयों पर व्यवस्थाएं सुधारें, ताकि लोग संस्थागत प्रसव कराने के लिए प्रेरित हों अन्यथा की स्थिति में दंडित होने के लिए तैयार रहें। वह बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में बोल रहे थे।
जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए सभी एमओआईसी अभियान में पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें, साथ ही प्रत्येक गतिविधि की फोटोग्राफ भी अपलोड कराए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक तक योजनाओं की प्रगति में सुधार होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन से निर्धारित मानकों के अनुसार फालोअप होना चाहिए, यूनिसेफ और संबंधित विभागों की टीम एक साथ क्षेत्र में जाए ताकि मानकों का फालोअप हो सके। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत प्रत्येक गांव में खुली बैठकें कराए, जिनमें ग्राम प्रधान, सचिव, आशा, एनएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां भी उपस्थित रहें, ताकि उनका संवेदीकरण हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि इकाइयों पर आयुष्मान कियोस्क डेस्क लगाकर उसकी फोटो उपलब्ध कराए। सीएमओ डॉ. जेएस बक्शी ने बताया कि जनपद में एक से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाना है। जिसमें नगर विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, जल भराव पर प्रतिबंध आदि कार्य कराया जाएगा। अभियान में आईसीडीएस, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज आदि विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अभियान में आशा एवं एएनएम माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करेंगी, गांव-गांव जाकर कुष्ठरोगियों, खांसी, बुखार एवं टीबी के मरीजों का चिन्हांकन करेंगी। इस मौके पर सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, सीएमएस पुरुष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीएमएस (महिला) डॉ. मीनाक्षी सिंह, डीपीआरओ नवीन मिश्रा, ईओ निहालचंद्र, डीडीएजी संतोष कुमार सविता, कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती, डीपीओ नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।
कोटेदार 30 जून तक प्रत्येक परिवार के व्यक्ति का बनाए आयुष्मान कार्ड बनाएं
आयुष्मान कार्ड में प्रगति कम होने पर डीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित कार्मिकों को लिखित पत्र के माध्यम से निर्देशित करें, फिर भी लापरवाही करते हैं तो प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 जून तक कोटेदार आयुष्मान कार्ड में व्यक्तिगत रुचि लेकर परिवार के प्रत्येक व्यक्ति कार्य कार्ड बनाएं। नियमित टीकाकरण की समीक्षा के दौरान प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
