Spread the love


भांजी को भी मारकर कर दिया था अधमरा, बहन के चरित्र पर करता था शक

16 दिन पुराने मामले का पुलिस ने किया खुलासा

आलाकत्ल समेत खून से सने कपड़े भी बरामद

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। प्रेमनगर के प्यारेलाल हाता में 11 जून को हुई महिला की हत्या उसके सगे छोटे भाई ने की थी। महिला भाई के पड़ोस में किराये के मकान लेकर रहती थी। हत्यारोपी भाई को पुलिस ने मंगलवार को गैस बाबा मजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह बहन के चरित्र पर शक करता था। उसका आरोप है कि बहन को लेकर मोहल्ले के लोग उसका मजाक बनाते थे। इस वजह से उसने बहन की हत्या कर दी।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि प्यारेलाल का हाता निवासी सुनील रायकवार की पत्नी नीतू (35) एवं उसकी नाबालिग बेटी घायल अवस्था में घर में पड़ी मिली थीं। दोनों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां नीतू की मौत हो गई जबकि उसकी बेटी की हालत नाजुक है। पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके हत्यारे की तलाश शुरू कर दी।

आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को मालूम चला कि नीतू का छोटे भाई मनीष रायकवार से अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने जब मनीष को तलाशना शुरू किया तब वह नहीं मिला। पुलिस ने उसे सोमवार रात गैस बाबा मजार के पास से पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में मनीष टूट गया। उसने कुबूल कर लिया कि उसने डंडे से नीतू की हत्या कर दी थी। भांजी बहन के पास सो रही थी। इस वजह से वह घायल हो गई।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल डंडा एवं खून से सने कपड़े बरामद कर लिया। पूछताछ में बताया कि उसे बहन के चरित्र पर शक था। मोहल्ले के लोग भी उसका मजाक बनाते थे। यह बात उसे नागवार गुजरती थी। बहन उसकी बात नहीं सुन रही थी। इस वजह से उसकी हत्या कर दी। एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी को लिखा-पढ़ी करके जेल भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *