संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Wed, 28 Jun 2023 01:09 AM IST
ललितपुर। तालबेहट आईटीआई कॉलेज के पास जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकते मिले युवक के शव के मामले में अब मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम नत्थीखेड़ा मजरा अगरया खिरक निवासी खुशीराम पाल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि 24 जून को उनके पुत्र राजपाल को एक व्यक्ति ने फोन कर ट्रैक्टर के ऋण की किस्त की रसीद ले जाने और शेष ऋण किस्त जमा करने की बात कही। जिसके बाद राजपाल अपनी बाइक लेकर घर वालों से ट्रैक्टर के ऋण की जमा रसीद लेने ललितपुर जाने की बात कहकर निकल गया था। जब उसने राजपाल से बात की तो उसने बताया कि ट्रैक्टर की किस्त के 75 हजार रुपये तो ले लिए। लेकिन जमा की रसीद नहीं दे रहे हैं और गाली गलौज कर धमकी दे रहे है। तब उसने राजपाल को घर आ जाने की बात कही थी। लेकिन शाम तक राजपाल घर लौटकर नहीं आया। मोबाइल लगाने पर वह स्विच ऑफ आ रहा था। इसकी सूचना उसने थाना पूराकलां पुलिस को दी और खोजबीन करते रहे। 26 जून को वह अपने रिश्तेदारों के साथ खोजबीन करते हुए हाईवे पर ललितपुर की ओर आ रहे थे। अभी वह तालबेहट के पास स्थित आईटीआई कॉलेज के पास पहुंचे तो यहां पर राजपाल की बाइक पंचर हालत में खड़ी थी। आसपास खोजबीन की तो सड़क से करीब 100 मीटर दूरी पर जंगल में एक पेड़ पर राजपाल की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। पत्र में मृतक के पिता ने ट्रैक्टर ऋण की किस्त जमा करने के लिए एक व्यक्ति पर राजपाल को बुलाकर रुपया लेकर हड़प कर लेने और रसीद मांगने पर साथियों संग हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है। पत्र में मृतक के पिता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
