संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Tue, 27 Jun 2023 11:49 PM IST
बांदा। पूरा परिवार मकान की छत पर सोता रह गया और चोर आसानी से घर में दाखिल होकर कीमती सामान समेत जेवर व 50 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले। सुबह जब किसान परिवार जागा तब चोरी का पता चल सका। चोरों ने खाली झोले, बैग व कुछ कागजात घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित कुएं में फेंक दिए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भरखरी गांव निवासी किसान राकेश कुशवाहा ने बताया कि सोमवार की रात वह घर के सभी दरवाजे बंद कर पत्नी के साथ मकान की छत पर सोने चले गए। मंगलवार को सुबह सोकर जागे तो उनके होश उड़ गए। चोरों ने रात में घर के अंदर कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद, जेवर कीमत करीब तीन लाख रुपये आर्यावर्त बैंक की पास बुक आदि चोरी कर ले गए।
उन्होंने अपने पड़ोसियों को बताया और छानबीन की तो घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में उन्हें खाली झोला व बैग पड़ा मिला मिला। किसान ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की माग की। शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
