Spread the love


लूटपाट के दौरान तमंचे से किया फायर बाल-बाल बचा व्यापारी

तमंचे की बट से किया हमला, जिला चिकित्सालय में भर्ती

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। फेरी करके बाइक से वापस घर लौट रहे सोना चांदी के कारोबारी के साथ रास्ते में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। लूट के दौरान बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे की बट से कारोबारी के सिर पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। घायल कारोबारी को जिला अस्पताल लाया गया।

कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला चौबयाना निवासी संजय प्रजापति उर्फ संजू पुत्र रमेश प्रजापति अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में फेरी लगाकर सोने चांदी की ज्वेलरी बेचने का काम करता है। बुधवार की सुबह करीब दस बजे वह अपनी बाइक लेकर महरौनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बजर्रा-टेंनगा क्षेत्र में गया था। देर शाम संजय सामान लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था।

अभी वह टेनगा बजर्रा तिराहे पर पहुंचा था, कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाश पीछे से आए और उसे कट मारकर गिरा दिया। इससे पहले की वह उठ पाता एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि तमंचे से निकली गोली उसको नही लगी। जिसके बाद बदमाशों ने तमंचे की बट से संजय के सिर पर हमला कर दिया और मारपीट की। जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर हालत में पहुंच गया।

इस दौरान बदमाश व्यापारी का पूरा ज्वैलरी से भरा बैग लूटकर वहां से भाग गए। गंभीर घायल अवस्था में तत्काल ग्राम खितवांस पुलिस चौकी पहुंचा। जहां उसने मौजूद पुलिस को आपबीती सुनाई। लेकिन पुलिस ने उसकी बात सुनकर एक कागज पर नोट कर लिया और उसे अकेले ही जिला चिकित्सालय जाकर इलाज कराने की सलाह दे डाली। जिसके बाद पीड़ित कारोबारी ने अपने परिजनों को सूचना दी।

कारोबारी की सूचना पर उसका भाई रोहित प्रजापति और उसके अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल लाए। यहां व्यापारी को भर्ती कर उसका इलाज किया। घटना की सूचना जैसे ही पुलिस प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया।

सीओ सदर अभय नारायण राय सदर कोतवाल हरिशंकर चंद्र पुलिस बल के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित से मिलकर उनका हाल जाना और तत्काल घटनास्थल पर घायल व्यापारी को लेकर जांच के लिए रवाना हो गए। घायल व्यापारी ने बताया कि बदमाश उनके बैग लूट ले गए जिसमें छह ग्राम सोने के जेवर, पांच किलोग्राम चांदी के जेवर और 60 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि लुटेरों का पता लगाकर इस मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *