तिंदवारी। युवक की मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बुधवार को परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। एसडीएम और तहसीलदार के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। जाम से दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी 30 वर्षीय युवक सुनील कुमार का शव शनिवार शाम गणेश तालाब में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के नशे में होने व डूबने से मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन मृतक के पिता परमानंद, मां मेमबाई समेत चारों भाइयों का आरोप है कि दो पड़ोसी सुनील को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद तालाब के किनारे शराब पिलाई।
बाद में धक्का देकर तालाब में गिरा दिया। इससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देती रही। दो दिन बाद मंगलवार को इस बाबत पिता परमानंद ने एसपी को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रार्थना पत्र दिया था। कोई कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार सुबह 11 बजे पिता, मां व चार भाइयों समेत मोहल्ले के करीब आधा सैकड़ा महिलाओं और पुरुषों ने मृतक के शव की प्रतीकात्मक अर्थी रखकर हाईवे जाम कर दिया।
थाना पुलिस समेत बबेरू और चिल्ला के प्रभारी निरीक्षक भी मयफोर्स के मौके पर पहुंच गये। करीब साढ़े बारह पहुंचे तहसीलदार पुष्पक के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद परिजन माने और जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
