राजीनामा से इन्कार पर धमकी दे रहे आरोपी के परिजन, एसपी को शिकायती पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वृद्धा से सामूहिक दुष्कर्म कर लूटपाट करने के मामले में जेल में बंद आरोपियों के परिजन राजीनामा से इन्कार करने पर पीड़िता के परिजनों को धमकी दे रहे हैं। इसके चलते पीड़ित परिवार गांव छोड़कर दूसरे गांव में निवास करने लगे हैं। शुक्रवार को पीड़िता के नाती ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना मड़ावरा अंतर्गत एक ग्राम निवासी व्यक्ति ने प्रार्थना पत्र में बताया कि दादी के साथ गांव के तीन युवकों ने मारपीट और दुष्कर्म कर लूटपाट की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया था। आरोपी जेल में बंद हैं। अब आरोपियों के परिजन उसके व उसके परिवार पर मुकदमे में राजीनामा का दबाव बना रहे हैं। 25 जून को आरोपियों के परिजनों ने उसके व उसके परिजनों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पत्र में बताया कि राजीनामा से मना करने पर आरोपियों के परिजन गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे है। मुकदमे की पैरवी करने पर अंजाम भुगतने की बात करते हैं। आरोपियों के परिजनों की आए दिन दी जा रही धमकियों के चलते वह व उसका परिवार गांव छोड़कर ग्राम सीरोन व ग्राम लुहर्रा में चले गए हैं। कुछ लोग मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं। डर से वह लोग खेती किसानी करने के लिए गांव में नहीं जा पा रहे हैं। पत्र में पीड़ित ने आशंका जताई कि उसके परिवार का कोई व्यक्ति गांव में जाता है तो आरोपी के परिजन उसके साथ वारदात घटित कर सकते हैं।
डीआईजी ने हाल ही में आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के दिए थे निर्देश
आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने के लिए हाल ही में पुलिस उप महानिरीक्षक ने जनपद पुलिस को आदेश दिए थे। इसके बाद एसपी ने पैरोकारों को इस मामले की पैरवी पुख्ता तरीके से करवाते हुए जल्द सजा दिलाए जाने के निर्देश दिए।
