संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sun, 02 Jul 2023 12:32 AM IST
बांदा। डीएम व एसपी कार्यालय से 100 मीटर दूरी पर कचहरी तिराहा अशोक लाट के पास से वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने महिला को न केवल मारापीटा बल्कि उसे चार पहिया गाड़ी में जबरन बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। पुलिस लापरवाही की हद तो जब हो कि 30 मिनट तक शहर कोतवाली व पीआरबी 112 का फोन ही नहीं उठा।
शनिवार दोपहर 12 बजे शहर के अतिव्यस्त कचहरी तिराहे पर एक वाहन में सवार आधा दर्जन दबंगों ने एक महिला के साथ न केवल मारपीट की बल्कि जबरन उसे गाड़ी में लादकर ले जाने का प्रयास किया। कुछ समाजसेवियों ने हस्ताक्षेप कर महिला को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। लेकिन 30 मिनट तक शहर कोतवाली, पीआरबी 112 ने फोन नहीं उठाया।
एक घंटे बाद चौकी इंचार्ज सिविल लाइन मौके पर पहुंचे और आरोपियों व पीड़ित महिला को साथ ले गए। नरैनी के एक गांव निवासी महिला का कहना था कि आरोपी उसे खरीदकर लाए है और टीकमगढ़ लिए जा रहे है। जबकि आरोपी रोहित का कहना था कि यह उसकी पत्नी है और मायके से घर नहीं जा रही है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अपहरण नहीं हुआ है, किसी बात को लेकर आपसी विवाद था। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
