संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Sun, 02 Jul 2023 12:55 AM IST
तालबेहट। रेलवे ठेकेदारी में टैक्टर को किराए पर लगाने का झांसा देकर दो बदमाश एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों पर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर की तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के जिला अशोकनगर के मुंगावली निवासी सिरनाम सिंह पाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 21 अप्रैल को उसके पास रघुवीर पुत्र मोती आदिवासी निवासी धौरी थाना जाखलौन जिला ललितपुर का फोन आया। बातचीत के बाद उसी दिन रघुवीर अपने साथ दो व्यक्तियों को लेकर मेरे गांव मल्हारगढ़ आया।
उन्होंने अपने नाम प्रीतम सिंह लोधी एवं अतुल साहू निवासी मड़ावरा के बताते हुए कहा कि वह दोनों रेलवे में ठेकेदार है। जिनसे ट्रैक्टर किराए पर लगाने की बात हुई। इसके बाद पीड़ित ने अपने बेटे देशराज पाल को ट्रैक्टर के साथ उनके साथ 27 अप्रैल को भेज दिया। आरोपी मेरे पुत्र को लेकर तालबेहट बस स्टैंड के आगे एक्सिस बैंक के सामने नौ बजे करीब पहुंचे। इसके बाद मेरा पुत्र व दो व्यक्ति खाने पीने में व्यस्त हो गए। तभी मौका पाकर आरोपी प्रीतम सिंह लोधी व अतुल साहू ट्रैक्टर मय ट्रॉली के साथ यह कहकर कि हम ठेकेदारी में ट्रैक्टर को रखेंगे। इसके एवज में 20,000 रुपये महीने के देंगे तब से अभी तक मुझे न कोई रुपया दिया है और न ही मेरा ट्रैक्टर वापस किया। आरोपी खोजे नहीं मिल रहे है। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपी प्रीतम सिंह और अतुल साहू पर संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया।
