Spread the love


ललितपुर। 32 ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। यहां 128 करोड़ से सामुदायिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। पंचायती राज विभाग इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में चार-चार लाख रुपये देगा। इन इमारतों का निर्माण पंचायत भवन के पास ही होगा। अभी यह केंद्र पंचायत भवन में ही संचालित हो रहे हैं। अब शासन ने इन केंद्रों के लिए पंचायत भवन के पास ही अलग से एक कमरे की इमारत बनाने का फैसला लिया है।

इनमें विकास खंड बार की ग्राम पंचायत बार, बरौदाडांग, कैलगुवां, सेमरा भागनगर, तुर्का और विकास खंड बिरधा की ग्राम पंचायत बालाबेहट, चीरा कोडर, डोंगरा, जाखलौन, कपासी, खिरिया छतारा हैं। वहीं, विकास खंड जखौरा की ग्राम पंचायत बरौदा स्वामी, घिसौली, मसौरा कलां, पटौरा कलां, सिरोन कलां, विकास खंड मड़ावरा की ग्राम पंचायत गिरार, मड़ावरा, नाराहट, पारौल, सौंरई शामि हैं। जबकि विकास खंड महरौनी के बुदनी मड़ावरा, क्योलारी, नेखौरा, पठा विजयपुरा, सतवांसा और विकास खंड तालबेहट की ग्राम पंचायत पूराबिरधा, जमालपुर, कड़सेराकलां, पुराकलां, लालोन में सामुदायिक सुविधा केंद्र का निर्माण होगा।

वर्तमान में जनपद की सभी 413 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक सुविधा केंद्रों का संचालन पंचायत भवन में ही किया जा रहा है। पंचायत सचिवों इनका संचालन करते हैं। सामुदायिक सुविधा केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे कंप्यूटर, प्रिंटर का का संचालन निरंतर हो सकेगा।

केंद्रों पर मिलेंगी ये सुविधाएं

इन केंद्रों पर किसान क्रेडिट कार्ड के पंजीयन, कृषि विभाग पंजीयन, ऑन लाइन कृषि मशीनरी के लिए आवेदन, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस के ऑनलाइन आवेदन, ऑनलाइन जमीन की नकल, ऑन लाइन खतौनी, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधाओं सहित सभी प्रकार की ऑनलाइन सुविधाएं मिलेंगी। अभी तक ग्रामीणों को इन सभी सुविधाओं के लिए जिला, तहसील व ब्लॉक मुख्यालय पर जाना पड़ता था।

प्रथम चरण में शासन की ओर से 32 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक सुविधा केंद्र के भवन निर्माण के लिए धनराशि भेजी गई है। इससे पंचायत भवन के समीप इन सुविधा केंद्रों की इमारत बनाई जाएगी। – नवीन मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *