खप्टिहा कलां। सड़क हादसे में पूर्व फौजी के पुत्र की हुई मौत पर पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसपी को दिए प्रार्थना पर उन्होंने कहा कि चिल्ला थाने के एसआई और आरक्षी ने मजदूरों को बांटे जाने वाला एक लाख 75 हजार रुपये गायब किए हैं। इस आरोप पर एसपी ने पूरे प्रकरण की सीओ सदर को जांच सौंपी है।
पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव निवासी पूर्व फौजी सिकंदर सिंह के पुत्र संजय सिंह (26) की दो जुलाई की रात 10 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर मंगलवार को एसपी अभिनंदन को सौंपे पत्र में पिता सिकंदर ने बताया कि उसका पुत्र पपरेंदा गांव में स्थित बालू डंप से रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाकर लेवरों को बांटने के लिए एक लाख 75 हजार रुपये लेकर डंप से लगभग एक किलोमीटर दूर कालेश्वर गांव की ओर बाइक से आ रहा था।
त्रिवेणी गांव के पास उसका एक्सीडेंट हो गया था। सूचना पर मौके पर पहुंचे चिल्ला थाने के एसआई घनश्याम कुशवाहा और कांस्टेबल विकास सिंह ने पुत्र की जेब से लेवरों को बांटे जाने वाले रुपये निकाल लिये। उन्होंने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि वह चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे तो उसके पुत्र का औधे मुंह पड़ा था।
पपरेंदा चौकी के कांस्टेबल विकास ने बताया था कि घटनास्थल पर शव चित्त पड़ा था। अलग-अलग बयानों के आधार पर उन्होंने पपरेंदा चौकी के एसआई और कांस्टेबिल पर रुपये निकालने का आरोप लगाया है। आरोप के आधार पर एसपी अभिनंदन ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी को सौंप दी है। मृतक के पिता ने यह भी बताया कि रात 10 बजकर 16 मिनट पर पुत्र की पत्नी बदामा से फोन पर बात भी हो रही थी।
इसके बाद ही यह घटना घटी है। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी और मां गायत्री बेसुध है। उन्हें होश में लाने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी ने बताया कि जांच मिली है। पिता ने पुलिस कर्मियों पर रुपये निकाले जाने का आरोप लगाया है। इसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देर शाम सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी खप्टिहाकलां गांव स्थित मृतक के घर पहुंची। वहां उन्होंने मृतक के पिता सिकंदर सिंह से प्रकरण की जानकारी की। सीओ ने मृतक के पिता को आश्वस्त किया कि एक-एक बिंदु पर गहनता से जांच की जाएगी।
