चित्रकूट। बारिश के साथ बिजली व्यवस्था शहर व ग्रामीण क्षेत्र में चरमराई है। सांसद आवास के क्षेत्र बल्दाऊगंज से लेकर शंकर बाजार की आपूर्ति 17 घंटे तक बंद रही। सोमवार की रात को उमस भरी गर्मी के बीच बिजली गुल होने से आमजन हलाकान रहे। इसी प्रकार शहर से सटे १० गांव का हाल भी बिजली बिना बेहाल रहा। इन गांव में महज सात से आठ घंटे ही बिजली मिल सकी। इसे लेकर यहां के निवासियों में आक्रोश देखा गया। ज्यादातर लोगोंं ने बताया कि अधिकारियों ने मोबाइल फोन तक नहीं उठाए।।
शहर के शंकर बाजार स्थित चकरेही चौराहे के पास की बिजली की आपूर्ति सोमवार की रात्रि दस बजे बंद हो गई जो दूसरे दिन मंगलवार को दोपहर तीन बजे चालू हो सकी। लगातार १७ घंटे बिजली की आपूर्ति बंद रही। जबकि इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है। इससे यहां के निवासी सड़कों में घूम-घूम कर रात काटते रहे। जब कि इसी बस्ती में जिले के सांसद आरके सिंह पटेल का आवास भी बना हुआ है।
शंकर बाजार निवासी सभासद शैलेंद्र सोनी, संजीव अग्रवाल, राजेश दुबे, भोला नामदेव आदि ने बताया कि जब से बरसात शुरू हुई है। शंकर बाजार में बिजली की आपूर्ति लगातार कई -कई घंटे बंद रहती है। सोमवार को रात भर बिजली की आपूर्ति बंद रही। दूसरे दिन दोपहर तीन बजे बिजली की आपूर्ति चालू हुई।
यह हाल मानिकपुर कस्बे में देखा गया। मानिकपुर कस्बे के राजेश कुमार, महेश प्रसाद, सुरेश ने बताया कि बिजली आने जाने का कोई समय निधार्रित नहीं हैं। सोमवार की रात्रि को कस्बे रात्रि के समय चार घंटे से अधिक बिजली की आपूर्ति बंद रही।
बिजली विभाग के अधिशाषी अधिकारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि शहर के चकरेही चौराहे के पास लगा बिजली का ट्रॉसफार्मर में खराबी आ गई थी। जिसके स्थान पर दूसरे बिजली का ट्रॉसफार्मर रखवा दिया गया है। बारिश के चलते काम प्रभावित हुआ।
