संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Tue, 04 Jul 2023 11:16 PM IST
चित्रकूट/पहाड़ी। जिले में मंगलवार को हुई बारिश से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की गलियों व बस्तियों में जलभराव हो गया है। कई परिषदीय स्कूलों के जाने वाले रास्ते व विद्यालय परिसर में भी पानी भर जाने से दूसरे दिन बच्चों की उपस्थिति कम रही। जल भराव की समस्या पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अधिकारियों को पत्र के माध्यम से भी अवगत कराया है।
बालापुर गांव के कमलेश पटेल, राममिलन, राजा, दिलीप, महेंद्र कुमार, अयोध्या प्रसाद ने बताया कि जब से बारिश की शुरुआत हुई है। विद्यालय के रास्ते में जलभराव है। शहर के एलआईसी तिराहे के पास भी रास्ते में पानी भरा हुआ है। पास में ही जिला पंचायत परिसर के अंदर परिषदीय विद्यालय खुला है। इसी रास्ते से बच्चे पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। एसडीएम काॅलोनी की कई गलियां जलमग्न हो गई हैं।
पहाड़ी के प्राथमिक विद्यालय ओबरी के प्रधानाचार्य लवकुश कुशवाहा ने बीएसए समेत अन्य अधिकारियों को समस्या से संबंधित पत्र लिखा है। कहा कि बरसात में कीचड़ होने से बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है। इससे छात्र-छात्राओं की उपस्थिति महज 25 प्रतिशत ही रही।
