ललितपुर-मड़ावरा। किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाले सगे भाई-बहन की मौत होने के बाद और चचेरे भाई की गंभीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज में मृतकों का भर्ती चचेरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। परिजनों के मुताबिक उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है।
मालूम हो कि मड़ावरा तहसील क्षेत्र के भौंटा गांव निवासी सगे भाई-बहन के अलावा चचेरे भाई की संदिग्ध हालात में हालत बिगड़ गई थी। इस घटना में बृहस्पतिवार को भाई रीतेश व बहन पूनम उर्फ की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई जयहिंद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। परिजनों के मुताबिक डॉक्टर ने उसे वेंटिलेटर में कक्ष में रखा है जहां उसकी हालत चिंताजनक है। शुक्रवार को मृतक भाई बहन के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
पुलिस ने कमरा किया सीज, आज हो सकती है जांच
घटना को संदिग्ध मानते हुए एसडीएम चंद्रभूषण प्रताप के निर्देश पर पुलिस ने जिस कमरे में भाई बहन रहते थे उसे सीज कर दिया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब शनिवार को कमरे का ताला खोलकर उसकी जांच पड़ताल की जा सकती है। एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है उसे देखने के बाद ही कमरा खोला जाएगा। एहतियातन प्रत्येक बिंदु पर जांच भी की जाएगी।
कहीं खुली नाली से तो नहीं आया था सांप
जिस कमरे और गैलरी में भाई-बहन सो रहे थे वहां नल के पास बनी नाली खुली हुई है। संभावना जताई जा रही है कि सांप कहीं नाली से तो नहीं आया। हालांकि मृतका पूनम की बहन रीति का कहना था कि उसके भाइयों व बहन की हालत खराब होने पर वह उन्हें लेकर तत्काल अस्पताल चली गई थी इस दौरान उन्हें कमरे में कोई सर्प नहीं दिखा। उसने बताया कि जिस कमरे वह तीनों बहनें सो रही थी वहीं कुछ करीब तीन फिट दूरी पर गैलरी में रीतेश व जयहिंद भी सो रहा था। संभावना जताई कि गैलरी में नल के पास नाली खुली थी संभव हो कि घर के पीछे झाड़ियों से कोई सर्प नाली के रास्ते कमरे में आ गया हो। यदि सर्पदंश से मौत की पुष्टि हुई है तो प्रशासन को कमरा खुलवाकर नाली को चेक कराना चाहिए।
