मानिकपुर (चित्रकूट)। कस्बे के एक इंटर काॅलेज की हाईस्कूल की छात्रा ने कहा कि उसके साथ एक नहीं, बल्कि प्रिंसिपल समेत चार शिक्षकों ने दुष्कर्म किया है। एक जनप्रतिनिधि और दरोगा ने परिवार और उस पर दबाव बनाकर मनचाही रिपोर्ट दर्ज की है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसपी ने सीओ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम बनाई है। टीम को जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
बुधवार को हाईस्कूल की छात्रा ने आरोप लगाया कि कॉलेज के नए भवन में शिक्षक इरशाद समेत तीन अन्य शिक्षक ब्लैकमेल कर धमकी देकर चार पांच माह से दुष्कर्म करते रहे। छात्रा के बताने माता-पिता ने थाने में तहरीर दी। इस पर गणित पढ़ाने वाले कॉलेज के शिक्षक शास्त्रीनगर निवासी इरशाद के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुरुवार को छात्रा माता-पिता के साथ पुलिस सुरक्षा में मेडिकल परीक्षण कराने पहुंची। इस दौरान आरोप लगाया कि एक जनप्रतिनिधि और दरोगा ने दबाव बनाकर मनचाही रिपोर्ट दर्ज की है। उसके साथ प्रिंसिपल समेत चार शिक्षकों ने अलग अलग समय पर दुष्कर्म किया है।
मानिकपुर थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने किसी तरह का दबाव बनाने के आरोप गलत बताए। कहा कि पीड़िता के परिजनों की ही तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। एसपी वृंदा शुक्ला के निर्देश पर सीओ राजापुर निष्ठा उपाध्याय के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के नाम व धाराएं घटाई बढ़ाई जाएंगी।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
छात्रा से दुष्कर्म मामले में कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। जिस वीडियो को बनाकर ब्लैकमेल करने की बात की गई है, उसकी तलाश की जा रही है। दूसरे दिन पुलिस की जांच चलती रही। छात्रा समेत आरोपी शिक्षकों के मोबाइल की सर्विलांस से पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इसमें एक चौंकाने वाला नाम सामने आ रहा है। उसका छात्रा के मोबाइल पर कई बार कई घंटे तक बातचीत का रिकाॅर्ड है। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि यह नंबर छात्रा के रिश्तेदार युवक का है। पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज के शिक्षक खुद को बचाने के लिए उसके रिश्तेदार को घसीट रहे हैं।
