Spread the love


ललितपुर। जनपद में आई फ्लू का प्रकोप काफी चल रहा है। ऐसे में एक ही नेत्र रोग विशेषज्ञ की जिले में तैनाती है वहीं, ग्रामीण इलाकों में एक भी नेत्र चिकित्सक नहीं है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में कहीं पर अन्य चिकित्सक व फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज कर रहे हैं। प्रत्येक मरीज को उचित इलाज का सरकारी दावा बेमानी नजर आ रहा है।

जिले में शुक्रवार को आई फ्लू के संबंध में स्वास्थ्य विभाग सिर्फ एडवाइजरी जारी करता नजर आ रहा है। जिले में शुक्रवार को आई फ्लू के 880 मरीज पहुंचे। जिले में करीब 15 लाख की आबादी है, यहां पर जनपद मुख्यालय पर एक जिला चिकित्सालय है, इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व कस्बों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गई है। इन दिनों जनपद में कंजंक्टिवाइटिस वायरस फैल रहा है, इस बीमारी से लड़ने के लिए स्वास्थ्य महकमें के पास चिकित्सक ही नहीं हैं। जनपद में एक ही चिकित्सक डॉ. आरपी राजपूत जिला अस्पताल में तैनात हैं। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक भी चिकित्सक तैनात नहीं है। ग्रामीण इलाकों के मरीजों को निजी चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ रहा है।

शुक्रवार को आई फ्लू के पहुंचे 880 मरीज

जनपद में आई फ्लू के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को जनपद के विभिन्न अस्पतालों में 880 मरीज पहुंचे। इनमें जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या करीब 180 रही, तो वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में 150 के करीब रहे। बार में चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों की संख्या 130 रही, वहीं जखौरा में मरीजों की स्थिति 120 रही, महरौनी में करीब आई फ्लू के मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 110 मरीज आए, मड़ावरा करीब 100 मरीजों का दवाई दी गई। बिरधा में मरीजों की संख्या 90 के करीब रही।

दवाएं हैं लेकिन चिकित्सक नहीं

तालबेहट। तहसील मुख्यालय स्थित सीएचसी पर आंखों का कोई चिकित्सक नहीं है। इससे नेत्र रोगी परेशान हैं। स्कूली बच्चों को काला चश्मा पहनकर विद्यालय जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। सीएचसी पर आंखों की दवाए तो भरपूर है लेकिन पिछले दो वर्ष से आंखों को कोई चिकित्सक नहीं है।

शासन से चिकित्सक की मांग निरंतर की जा रही है। अभी तक जनपद में नेत्र चिकित्सक की तैनाती शासन ने नहीं की है। लेकिन इसके बाद भी मरीजों को सीमित संसाधनों में उचित इलाज दिया जा रहा है। – डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *