ललितपुर। जिलाधिकारी अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत जिला स्तरीय मॉनिटिरिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। वर्ष 2023-24 से लेकर वर्ष 2025-26 के खरीफ एवं रबी मौसम में जनपद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन अभिकरण के रूप में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया को नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कंपनी के जनपद प्रतिनिधि सौरभ कुमार श्रीवास्तव को निर्देशित किया गया कि उप कृषि निदेशक कार्यालय में समस्त सुविधाओं सहित तथा पर्याप्त कार्मिकों के साथ अपना कार्यालय स्थापित करें, तहसील स्तर पर अपने कार्मिक तैनात कराएं, विकास खंड स्तर पर बीमा एजेंट नियुक्त कराए तथा निकट भविष्य में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने वाली बीमित फसलों के त्वरित सर्वेक्षण के लिए पर्याप्त संख्या में सर्वेयर की तैनाती भी सुनिश्चित कराए।
बीमित राशि धान के लिए 23900, मक्का के लिए 18800, उड़द एवं मूंग के लिए 26400, तिल के लिए 9600, मूंगफली के लिए 51100 तथा सोयाबीन के लिए 31400 रुपये प्रति हेक्टेअर निर्धारित किया गया है। कृषकों के लिये प्रीमियम दर मात्र 2 प्रतिशत तय की गई है, शेष प्रीमियम की धनराशि (3 से 18 प्रतिशत) का राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा बराबर-बराबर वहन किया जाएगा।
