चित्रकूट । जिला अस्पताल में उल्टी दस्त, पेट दर्द व डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को बुखार के चलते वृद्ध की मौत हो गई, जबकि सात मरीज डायरिया व उल्टी दस्त के भर्ती हुए हैं।
शनिवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में 421 मरीज इलाज कराने को पहुंचे। उधर, इमरजेंसी वार्ड में भी उल्टी दस्त, डायरिया व पेट दर्द के मरीज इलाज कराने को पहुंचे। कर्वी कोतवाली अंतर्गत बनकट निवासी रामनारायण साहू (64) को बुखार से ग्रसित होने पर शनिवार की सुबह परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र पंकज साहू ने बताया कि वह तीन-चार दिनों से बुखार से ग्रसित थे। जिनका प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। मृतक के एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को अपने घर ले गए।
इसके अलावा गोबरिया बुजुर्ग निवासी उमा देवी (28), औदहा पहाड़़ी निवासी सावित्री (30), मकरी पहरा निवासी हीरालाल का तीन वर्षीय पुत्र शिवम, मदना निवासी अजय (25), भरतकूप निवासी ऊषा देवी (40), मानिकपुर निवासी गुड्डू की 17 वर्षीय पुत्री रश्मि व देऊंधा निवासी अनिल (27) को उल्टी दस्त, पेटदर्द व डायरिया के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
