बांदा। प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को राशन वितरण के लिए जिले में मनरेगा मद से 75 मॉडल शाॅप बनाएगी। इसका निर्माण तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि का चयन किया जा रहा है। इन दुकानों में कार्ड धारकों को राशन वितरण के साथ छोटा गैस सिलेंडर व जन सेवा केंद्र जैसी सुविधाएं मिलेंगी और माइक्रो एटीएम भी लगेगा। ई-स्टांप मिलेंगे और पानी, बिजली के बिल भी जमा होंगे।
जिले में मॉडल शाॅप के लिए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राशन की 75 दुकानों का चयन किया है। अब यह दुकानें सरकारी जमीन व भवन पर संचालित होंगी। जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान खान बताया कि शासन की मंशा सभी राशन की दुकानों को निजी भवन उपलब्ध कराने और आधुनिक बनाने की है। पहले चरण में उन्हे 75 मॉडल शाॅप का लक्ष्य मिला है। इसके तहत सभी 75 दुकानों के भवन के चयन का काम पूरा कर लिया गया है। यह भवन मनरेगा से बनाए जाएंगे। इस पर खर्च हाेने वाले धनराशि की व्यवस्था मनरेगा से की जाएगी। भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। तीन माह के अंदर भवन तैयार कर दुकानों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। इससे उपभोक्ता सार्वजनिक स्थान पर बिना भेदभाव के राशन लेने पहुंच सकेंगे। राशन वितरण की पारदर्शिता के लिए भवन में एक एलईडी स्क्रीन लगी होगी। कंप्यूटर आपरेटर बिक्री का पूरा ब्योरा रखेगा। कार्ड धारकों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए प्रतीक्षा हाल बनेगा।
उधर, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य ने सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राम पंचायतों से जमीन उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव तैयार कराने को कहा है। 900 वर्ग फिट पर भवन का निर्माण किया जाएगा।
इतनी बनेंगी मॉडल शाॅप
बबेरू ब्लाक में 15, सदर व पैलानी तहसील में 10-10, अतर्रा में 11, नरैनी में 13 व नगर पंचायत मटौध में दो, तिंदवारी में तीन, नगर पंचायत बिसंडा व नरैनी और नगर पालिका परिषद अतर्रा में दो-दो, नगर पालिका परिषद बांदा में पांच दुकानों का मॉडल शाप के लिए चयन किया गया है।
